नवी मुंबई — भारत के लॉजिस्टिक्स सेक्टर के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। दुनिया की दिग्गज कोरियर और ट्रांसपोर्ट कंपनी FedEx ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) पर अपने नए ‘ऑटोमेटेड एयर कार्गो हब’ की नींव रख दी है।
करीब ₹2,500 करोड़ के भारी-भरकम निवेश से बनने वाला यह हब भारत के सामान को दुनिया भर के बाज़ारों तक बिजली की रफ्तार से पहुंचाएगा। शिलान्यास समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, FedEx के सीईओ राज सुब्रमण्यम और अडानी एयरपोर्ट्स के डायरेक्टर जीत अडानी मौजूद रहे।
क्यों खास है यह प्रोजेक्ट? यह सिर्फ एक गोदाम नहीं, बल्कि 3 लाख स्क्वायर फीट में फैला एक अत्याधुनिक सेंटर होगा। यहाँ सब कुछ मशीनों और रोबोटिक्स के जरिए होगा—सामान की छंटाई से लेकर सुरक्षा जांच तक। इसका मतलब है कि जो पार्सल पहले हफ्तों में पहुंचते थे, अब वो कुछ ही दिनों में अमेरिका और यूरोप के बाजारों में होंगे।
यह हब अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के साथ साझेदारी में बनाया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि यह सेंटर भारत को सीधे दक्षिण-पूर्व एशिया, यूरोप और अमेरिका से जोड़ेगा।
रोजगार की बहार स्थानीय लोगों के लिए सबसे अच्छी खबर यह है कि इस प्रोजेक्ट से रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे। FedEx का अनुमान है कि इस हब के शुरू होने से लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में करीब 6,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होंगी।
जीत अडानी ने इस मौके पर कहा, “नवी मुंबई एयरपोर्ट की लोकेशन बेहतरीन है। पास ही में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (JNPT) है और अब यह कार्गो हब बनने से महाराष्ट्र ग्लोबल ट्रेड का मुख्य द्वार बन जाएगा।”
भारत के छोटे और मंझोले व्यापारियों (MSMEs) के लिए यह वरदान साबित हो सकता है, क्योंकि अब उन्हें अपना माल विदेश भेजने के लिए मुंबई एयरपोर्ट के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा और लागत में भी कमी आएगी।
Discover more from Enoxx News (Hindi)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
