सरकाघाट/मंडी – हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शनिवार को एचआरटीसी (HRTC) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत समसौह के गांव हवाणी में हुआ। बस सरकाघाट से गोभड़ता रूट पर जा रही थी, तभी अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।
7 लोग हुए घायल, हालत स्थिर इस दुर्घटना में बस के चालक और परिचालक समेत कुल 7 सवारियां घायल हुई हैं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया। अस्पताल प्रभारी डॉ. संजीव ने पुष्टि की है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
प्रशासन और नेताओं ने जाना हाल घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र गौतम, तहसीलदार मनीष कुमार और जिला परिषद सदस्य मनीष शर्मा अस्पताल पहुंचे। प्रशासन की ओर से सभी घायलों को 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
वहीं, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने निगम प्रबंधन और सरकार से मांग की कि सड़कों पर खटारा बसें न दौड़ाई जाएं। उन्होंने कहा, “बसों की समय-समय पर मरम्मत होनी चाहिए। यदि बसें चलने योग्य नहीं हैं, तो उन्हें हटा दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों और जान-माल का नुकसान न हो।”
Discover more from Enoxx News (Hindi)
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
